अश्लीलता तो देखने वालों की नजर में होती है : क्लॉसस ब्रदर्स

चन्द्रकांत शर्मा  

दलेर मेहंदी, जगजीत सिंह, नुसरत फतेह अली खां, मीका सिंह, गुरदास मान, रूप कुमार एण्ड सोनाली राठौर, पंकज उधास, राहत फतेह अली खान, इला अरुण, हरिहरण, साबरी ब्रदर्स, वडाली ब्रदर्स, अभिजीत, कितने नाम गिनाएं। लिस्ट बहुत लंबी है और सभी नाम म्यूजि़क उद्योग के नामी कलाकारों के हैं। जी हां यह लिस्ट है क्लॉसस ब्रदर्स के उन क्लाइंट्स की जिनके वे म्यूजि़क विडियों बना चुके हैं। दलेर मेहंदी तुडक़-तुडक़.. आपको याद होगा। यह विडियो भी क्लॉसस ब्रदर्स ने ही तैयार किया था। जिसके लिए उन्हें कई पुरस्कार भी मिले थे। पंजाब का तो हर कलाकार यही चाहता है कि उनका म्यूजि़क विडियो क्लॉसस ब्रदर्स तैयार करें वहीं पंजाब से बाहर के कलाकारों को भी क्लॉसस ब्रदर्स पर पूरा भरोसा है। इसलिए उनके क्लाइंट्स लिस्ट में म्यूजि़क उद्योग का लगभग हर बड़ा गायक शामिल है। इन दिनों लखविंदर वडाली की नई म्यूजिक एलबम 'रांझड़ा' मार्केट में धूम मचा रही है। इसका म्यूजि़क विडियो भी क्लॉसस ब्रदर्स ने ही तैयार किया है। हाल ही में क्लॉसस ब्रदर्स अजय और लवल अरोड़ा से बात करने का मौका मिला। आइए जानते हैं क्या कहा क्लॉसस ब्रदर्स ने -
Ajay and Lovely Arora

म्यूजि़क उद्योग से आप लोग कैसे जुड़े?
हम दोनों भाईयों को बचपन से म्यूजि़क से बहुत गहरा लगाव रहा है। हम दोनों खूब म्यूजि़क विडियोज़ देखते थे। विदेशी गायकों की एलबम देखते थे। फिर सोचा हम भी क्यों न हिंदुस्तान में म्यूजि़क विडियो बनाएं। उस समय इस क्षेत्र में ज्यादा लोग नहीं थे।

आपकी क्लाइंट लिस्ट में पंजाबी सिंगर बहुत ज्यादा हैं। कोई खास वजह?
हम लोग पंजाब से हैं। पंजाबी हैं इसलिए पंजाबी भाषा और कल्चर को हमने बहुत करीब से देखा और जिया है। इसलिए सब लोग जानते हैं कि हम लोग उन्हें वो दे सकते हैं जो वो चाहते हैं। हमने भी पूरी कोशिश की है कि हम अपने सभी क्लाइंट्स को संतुष्ट करें। हमें खुशी है कि हमारा काम लोगों को बहुत पसंद आया है चाहे दलेर मेहंदी जी का तुडक़-तुडक़.. या फिर मीका सिंह के गाने हों। इन दिनों लखविंदर वडाली का म्यूजिक विडियो रांझड़ा भी लोगों को बहुत पसंद आ रहा है।

रांझड़ा के बारे में कुछ बताएं?
रांझड़ा लखविंदर वडाली का नया म्यूजि़क एलबम है। जिसमें हीर और रांझा की प्रेम कहानी का वर्णन है। इसके लिरिक्स बहुत ही खूबसूरत हैं, तेरे बिना मैं किसी काम की नहीं..। इसे हमने आज के हीर रांझा के रूप में पेश किया है। वडाली म्यूजि़क ने इसे रिलीज़ किया है। लखविंदर बहुत ही गुणी हैं इसलिए लोगों को उनके गीत पसंद आते हैं। यह विडियो भी बहुत सुंदर बना है। लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। हमारा भी मक्सद यही है कि लोगों के इमोशंस को हम टच कर पाएं।

Colosus Brother
किसी एलबम को हाथ में लेने से पहले आप किन-किन बातों पर गौर करते हैं?
हम केवल गाने को देखते हैं। अगर गाना अच्छा है तो हम उस काम को हाथ में लेते हैं। बड़ा सिंगर या बड़ी म्यूजि़क कम्पनी पर हमारा फोकस नहीं होता, बस म्यूजि़क पर होता है। हमें कोई नई कम्पनी या फिर कोई नया सिंगर भी पसंद आ सकता है। ऐसा नहीं है कि हम लोग हिट हैं तो बस बड़े नामों के लिए ही काम करेंगे।

जब किसी एलबम को हाथ में लेते हैं तो दिमाग में क्या चल रहा होता है उसे तैयार करने के संबंध में?
हमारे दिमाग में केवल म्यूजि़क होता है। हम संगीत और उसके बोलों को विजुअल्स में बदलने की कोशिश करते हैं। यानी म्यूजि़क को ट्रॉसलेट करते हैं विजुअल्स में। और कोशिश करते हैं कि वह दर्शकों को टच कर जाए। क्योंकि अब जमाना बदल गया है। लोगों का देखने का नज़रिया भी बदल गया है। अब म्यूजिक विडियोज़ को लोग देखते भी हैं। इसलिए ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बहुत अहम हो जाती है।

म्यूजि़क विडियोज़ के ऊपर अश्लीलता परोसने के इल्जाम भी लगते रहे हैं। क्या आप मानते हैं कि म्यूजि़क विडियोज़ में अश्लीलता बढ़ रही है?
मैं ऐसा नहीं मानता। चूंकि आज अश्लीलता तो पूरी दुनिया में हर जगह बढ़ रही है और अश्लीलता लोगों के देखने के नज़रिए में होती है। इसलिए केवल म्यूजि़क विडियोज़ को ब्लेम नहीं किया जा सकता।

अपनी अब तक की सबसे बड़ी अचीवमेंट क्या मानते हैं?
यही कि अब तक हम लगभग ४५० म्यूजि़क विडियोज़ बना चुके हैं। हमारे गायकों की लिस्ट बहुत लंबी है। लगभग हर म्यूजि़क कंपनी के साथ हमें काम करने का मौका मिला। हर कोई हम पर भरोसा करता है। यही हमारी बड़ी अचीवमेंट है।

Labels: , , , , ,