सोनी सब का नया शो त्रिदेवियां

-प्रेमबाबू शर्मा

सोनी सब पर जल्द प्रसारित होने वाले एक्शन काॅमेडी थ्रिलर का नाम है,त्रिदेवियां । इस शो में तीन महिलाओं की यात्रा दिखाई जायेगी जोकि दोहरी जिंदगी जी रही हैं। वे प्रशिक्षित सीक्रेट एजेंट्स और समर्पित बहू और बेटियों के तौर पर घर के साथ-साथ देश के विवादों को हल करने की कोशिश करती हैं। 

इस तिकड़ी की प्रत्येक एजेंट की अपराध से लड़ने की अपनी विशिष्ट खूबी है और उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी डाॅन गाॅमोशा का खात्मा करना। इस शो में ऐश्वर्या सखूजा, समायरा राव, शालिनी सहूता, रितुराज सिंह, अंशुल त्रिवेदी, विनी त्रिपाठी, चारू रोहतगी, और धु्रवी हलदनकर जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है। ये सभी प्रमुख भूमिकायें निभायेंगे। त्रिदेवियां का प्रसारण मंगलवार, 15 नवंबर 2016 से रात 9ः30 बजे सिर्फ सोनी सब पर शुरू हो रहा है।

इस शो की कहानी दीनानाथ चैहान (रितुराज सिंह) के इर्द-गिर्द घूमती है। वह ‘हिमालय‘ नामक एक मशहूर स्पेशल एजेंट थे और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक एजेंट के रूप में कई हाइ-प्रोफाइल मामलों को सुलझाया और खतरनाक मिशन पर काम किया। उन्होंने डाॅन गाॅमोशा का खात्मा करने के अपने प्रमुख मिशन को पूरा करने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाये। रिटायरमेंट के बाद दीनानाथ अपने दो प्रशिक्षित एजेंट्स धनुश्री चैहान (ऐश्वर्या सखूजा) और तनुजा चैहान (समायरा राव) के साथ एक अलायंस बनाते हैं, जोकि उनकी अंडरकवर बहुयें हैं। साथ ही वह अपनी बेटी मान्या चैहान (शालिनी सहूता) को भी उनके साथ जुड़ने के लिये प्रशिक्षित करते हैं। ये साथ मिलकर अपराध से लड़ते हैं और डाॅन गाॅमोशा को पकड़ने का प्रयास करते हैं, जिसने देश भर में आतंक मचा रखा है। इस कहानी में काॅमिकल ट्विस्ट उस समय आता है, जब उनकी मुश्किल सर्जिकल ऐक्शन से भरपूर जिंदगी में कुछ घरेलू परेशानियां आ जाती हैं। दीनानाथ चैहान, जोकि परिवार और मिशन के मुखिया हैं, को एक पिता और सुहासिनी चैहान (ध्रुवी हलदानकर) के पति के रूप में अपने कर्तव्यों के साथ देश के प्रति अपनी सीक्रेट सेवा को प्रबंधित करना पड़ता है। 

इतना ही नहीं! इस तिकड़ी के पास विशेष कौशल है और इन तीन के अलग-अलग कोड नाम भी हैं। ऐश्वर्या सखूजा उर्फ धनुश्री चैहान एजेंट लाल किला है जिसमें अत्यंत ताकत है और वह एकसाथ कई गुंडों से अकेले ही लड़ सकती है। उसकी शादी इंस्पेक्टर शौर्य चैहान (अंशुल त्रिवेदी) से होती है जो अपनी नौकरी को लेकर बेहद वचनबद्ध है और एक सच्चा देश भक्त है । जब भी कोई ‘भारत माता‘ के बारे में बात करता है तो वह भावुक हो जाता है।

समायरा राव उर्फ तनुजा चैहान एजेंट हवा महल है जिसकी विशेष खूबी उसकी स्पीड है। वह एक्सप्रेस स्पीड से दौड़ सकती है और किसी का भी पीछा करने में मास्टर है। उसकी शादी गर्व चैहान (विनी त्रिपाठी) से हुई है जोकि क्राइम न्यूज रिपोर्टर है।

शालिनी सहूता उर्फ मान्या चैहान, परिवार की बेटी है और उसका एजेंट नाम कुतुब मीनार है जो अपनी ला ओपेरा स्टाइल में चीजों को तोड़ सकती है। जेठानी, देवरानी और ननद की यह तिकड़ी घर के झंझटों से निपटने के लिए एकजुट होती हैं और अपने ससुर का अपराध से संघर्ष करने एवं उनके मिशन को पूरा करने में सहयोग करती हैं।

Labels: ,